भारतीय वॉटर मैनेजमेंट कंपनी VA Tech Wabag को सऊदी अरब में एक और बड़ा प्रोजेक्ट मिला है। कंपनी ने बताया कि उसे सऊदी वॉटर अथॉरिटी से AlJouf में 50 मिलियन लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाले खारे पानी के रिवर्स ऑस्मोसिस प्लांट के लिए इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (EPC) का ठेका प्राप्त हुआ है। यह ऑर्डर कंपनी के लिए एक बड़ा कॉन्ट्रैक्ट माना जा रहा है और इसे कंपनी ने अपने आंतरिक वर्गीकरण में “लार्ज ऑर्डर” की श्रेणी में रखा है।
प्रोजेक्ट का दायरा और उद्देश्य
इस प्रोजेक्ट के तहत VA Tech Wabag को 14 महीनों में पूरे प्लांट का डिजाइन, सप्लाई, निर्माण और कमीशनिंग का काम पूरा करना होगा। कंपनी ने बताया कि यह प्लांट उन बोरवेल क्षेत्रों के कच्चे पानी को ट्रीट करने के लिए बनाया जा रहा है, जिसमें दुर्लभ और कठिन तत्व पाए जाते हैं। इस वजह से प्लांट में उन्नत तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
कंपनी इस प्रोजेक्ट में सिरेमिक मेम्ब्रेन टेक्नोलॉजी के जरिए पानी का प्री-ट्रीटमेंट करेगी, जिसके बाद माइक्रोन कार्ट्रिज फिल्ट्रेशन और रिवर्स ऑस्मोसिस की प्रक्रिया होगी। यह अत्याधुनिक संयंत्र सऊदी अरब के इस इलाके को टिकाऊ और स्वच्छ पानी की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
कंपनी का बयान
कंपनी की ओर से Phani Satish Kadiyala, जो सऊदी अरब में कंट्री मैनेजर और ब्रांच जीएम हैं, ने कहा कि उन्हें अपने सम्मानित ग्राहक SWA से यह रिपीट ऑर्डर मिलने की खुशी है। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट सऊदी अरब के विज़न के अनुरूप है जो सस्टेनेबल और टेक्नोलॉजी आधारित वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर केंद्रित है। उनका कहना था कि VA Tech Wabag लगातार उच्च गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रदर्शन के मानकों पर काम करते हुए देश में अत्याधुनिक जल समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी का कारोबार और प्रजेंस
VA Tech Wabag जल प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है और इसकी उपस्थिति 25 से अधिक देशों में है। कंपनी पीने के पानी की शुद्धिकरण, औद्योगिक पानी के ट्रीटमेंट, डीसैलिनेशन, वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, स्लज ट्रीटमेंट, रीसाइकिलिंग और वाटर रिक्लेमेशन जैसे क्षेत्रों में काम करती है। यह कंपनी EPC प्रोजेक्ट्स, HAM प्रोजेक्ट्स, बिल्ड एंड ऑपरेट तथा ऑपरेशनल एंड मेंटेनेंस के मॉडल पर कार्य करती है।
VA Tech Wabag शेयर प्रदर्शन
अगर इसके शेयर प्रदर्शन की बात करें, तो VA Tech Wabag का स्टॉक 2025 में करीब 24 प्रतिशत गिरा है। पिछले छह महीनों में इसमें लगभग 14 प्रतिशत की कमजोरी आई है, जबकि एक साल में शेयर 22 प्रतिशत से ज्यादा टूटा है। हालांकि, लंबे समय के निवेशकों के लिए यह शेयर बेहद फायदेमंद रहा है, क्योंकि पिछले दो वर्षों में इसने 100 प्रतिशत से अधिक रिटर्न दिया है। तीन साल में 290 प्रतिशत और पांच साल में लगभग 540 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।
डिस्क्लेमर : यहां पर दी गई जानकारी कोई भी निवेश सलाह नहीं है। निवेशक शेयर बाजार में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से राय जरूर लें और अपनी जिम्मेदारी पर ही निवेश करें।