इस खबर के बाद धड़ाम हुए Zomato के शेयर, 2.5% टूटा स्टॉक, पहुंचा 5 महीनें के निचले स्तर पर, क्या करें निवेशक?

फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर की प्रमुख कंपनी Eternal (Zomato) के शेयरों में मंगलवार को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी की क्विक कॉमर्स यूनिट Blinkit के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) विपिन कपूरिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे की खबर आने के बाद बाजार में निवेशकों के बीच बेचैनी साफ नजर आई। कारोबार के दौरान Zomato के शेयर करीब 2.5 फीसदी गिरकर 275.9 रुपये के स्तर पर पहुंच गए, जो पिछले पांच महीनों में सबसे निचला स्तर है।

इस्तीफे के बाद निवेशकों में चिंता

Blinkit के CFO विपिन कपूरिया का जाना कंपनी के लिए एक अहम झटका माना जा रहा है। उन्होंने करीब एक साल पहले ही Blinkit की जिम्मेदारी संभाली थी और उन्हें कंपनी का पहला फुल टाइम CFO नियुक्त किया गया था। अब जब क्विक कॉमर्स सेक्टर में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे समय में उनका कंपनी छोड़ना निवेशकों के लिए चिंता का विषय बन गया है। बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ने से लगभग 80 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ, जो इस खबर के असर को साफ दर्शाता है।

फ्लिपकार्ट में वापसी की चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार विपिन कपूरिया जल्द ही अपनी पुरानी कंपनी Flipkart में वापसी कर सकते हैं। वे पहले भी फ्लिपकार्ट में करीब सात साल तक काम कर चुके हैं और अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी के प्रस्तावित IPO से पहले वे वहां फिर से जुड़ सकते हैं। Blinkit में CFO की भूमिका संभालने के बाद व्यवसायिक स्थिरता में सुधार दिखा था, लेकिन अब उनके जाने से नेतृत्व को लेकर कंपनी के आगे की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। कंपनी की ओर से नए CFO की नियुक्ति को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

क्विक कॉमर्स सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा

हाल के महीनों में क्विक कॉमर्स सेक्टर में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। Zomato ने हाल ही में Blinkit को अपनी सबसे अहम यूनिट बताया था और कंपनी ने करीब 8500 करोड़ रुपये की फंडिंग भी जुटाई थी। ऐसे में शीर्ष अधिकारी का इस्तीफा कंपनी के संचालन और बाजार भरोसे को प्रभावित कर सकता है। दूसरी ओर Zepto जैसी कंपनियां भी तेजी से विस्तार कर रही हैं और अपने IPO की तैयारी में जुटी हैं। इस तेज प्रतिस्पर्धा के माहौल में Blinkit के लिए अभी कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं, जिनका सामना कंपनी को नेतृत्व परिवर्तन के बीच करना होगा।

Leave a Comment